- सम्मानित हम नहीं, बल्कि जनपदवासी हुये हैं: डॉ रॉबिन
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। जनपद के युवा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ रॉबिन सिंह को एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने उनकी जनहित की सेवाओं को देखते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जनपद में अल्प समय में अपनी सेवाओं से एक मुकाम बना चुके डॉ सिंह माने—जाने हृदय रोग विशेषज्ञ डा. हरेंद्र देव सिंह के पुत्र हैं। डा. रॉबिन ने अपनी सेवाओं से जनपद में अल्प समय में लोगों के दिलों में जगह बना लिया है। इनके बारे में कहा जाता है कि इनके हाथ में जादू है। कहा जाता है कि डा. सिंह गरीब व मजबूर व्यक्तियों की सेवा का व्रत लेकर अस्थि रोग का उपचार और चिकित्सा करते हैं।
विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार के दिन डॉ रॉबिन नि:शुल्क मरीज देखते हैं और उचित सलाह देते हैं। इसके अतिरिक्त समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर आयोजित करके ग्रामीण क्षेत्रों के उन गरीबों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हैं जो जनपद मुख्यालय तक आने में मजबूर और लाचार हैं। इधर डा. सिंह के सम्मानित होने की खबर जनपद में आते ही शुभचिंतकों और उनकी सेवाओं से लाभान्वित मरीजों ने उनके चिकित्सालय पहुंचकर बधाई दिया। सम्मान प्राप्ति के बाद डॉ रॉबिन सिंह ने कहा कि यह सम्मान मेरा नहीं, मेरे जनपदवासियों का है। मैं तो अपना कर्म करता हूं। ईश्वर लोगों का भला करता है। हमें अपने बड़े बुजुर्गों एवं उन लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है।