Monday, April 29, 2024
No menu items!

नहर में मिला युवक का शव, फैली सनसनी

सरपतहां थाना क्षेत्र के डेहरी नहर पुल के पास की है घटना
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के डेहरी नहर पुल के पास से युवक का शव मिला जिसकी जानकारी होने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। जानकारी के अनुसार ईशापुर गांव निवासी ओमकार सिंह (25) पुत्र स्व. मातिबर सिंह अपनी माता के साथ तिराहे पर रहकर चाय की दुकान चलाता था। सोमवार की रात वह घर से बाइक लेकर निकला लेकिन सुबह तक घर वापस नहीं आया। मंगलवार को भोर में नहर के पास पुलिस को लावारिस हालत में उसकी मोटरसाइकिल, जैकेट और मोबाइल मिली। पुलिस द्वारा जांच—पड़ताल के दौरान बाइक की शिनाख्त की गयी तो परिजनों को इसकी सूचना देने के साथ ही नहर विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर नहर के पानी को रोका गया।
वहीं जानकारी होने पर थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह व सरायमोहिउद्दीनपुर चौकी प्रभारी सुनील मयफोर्स मौके पर पहुंच गये जहां सूचना मिलते ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। नहर में जल प्रवाह कम होते ही पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से युवक की तलाश शुरू हुई। नहर पुल से लगभग 100 मीटर दूर पानी में युवक का शव बरामद हुआ।
युवक के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों सहित माँ पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माँ के करूण क्रन्दन से लोगों की आंखों से आंसू उमड़ पड़े। पिता और उसके बड़े भाई की दो साल पहले हुई मौत के बाद माँ की देखभाल करने वाला अकेला मृतक ओमकार ही बचा था। कथित तौर पर युवक की शादी होने वाली थी। लड़की पक्ष वालों की तरफ से रिश्ता इन्कारने के बाद वह तनाव में रहता था।
फिलहाल परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर में हत्या की भी आशंका जतायी गयी है। थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर कहीं भी चोट का निशान नहीं मिला है। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को अन्त्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular