Monday, April 29, 2024
No menu items!

मुख्यमंत्री ने जौनपुरवासियों को दी 899 करोड़ रूपये की सौगात

अजय पाण्डेय/संजय शुक्ला
जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद को करीब 899 करोड़ की 256 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास की सौगात दिया। इसके पहले सर्वप्रथम कलीचाबाद तिराहे पर नवनिर्मित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही नगर के बी.आर.पी इन्टर कालेज पर आयोजित जनसभा स्थल से राज्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा देकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। इसके बाद राज्यसभा सांसद सीमा द्विवदी ने अंगवस्त्रम प्रदान किया तो जिलाधिकारी रविन्द्र मॉदड़ ने भगवान श्रीराम दरबार का प्रतीकात्मक चिन्ह दिया।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करते हुये विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किया जिनमें आयुष्मान गोल्डेन के लाभार्थी उर्मिला को गोल्डेन कार्ड और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की लाभार्थी हर्षिता मिश्रा और आर्यन को लैपटाप, कन्या विवाह सहायता योजना के तहत रामपाल को रूपये 55 हजार का स्वीकृति प्रमाण पत्र, मेधावी छात्र योजना के तहत रितु मिश्रा और साक्षी मिश्रा को मोबाइल फोन और फार्म मशीनरी योजना के तहत अवधेश पाण्डेय को ट्रैक्टर चाभी, पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पम्प सिचाई चयन पत्र सुरेन्द्र प्रजापति और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख का डेमो चेक प्रदीप सिंह को प्रदान किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में सभी की आस्था का सम्मान किया जा रहा है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक गरीब परिवार को बिना भेदभाव के दिया जा रहा है। आज का नया भारत दुनिया में सम्मान बढा रहा है और देश को सुरक्षा भी दे रहा है। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था की वजह से जनपद में निवेश आ रहा है। फोर लेन बन रहे हैं। गोमती नदी पर पुल बन रहे हैं। चौराहों का सुंदरीकरण हो रहा है। गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। ओ.डी.ओपी के तहत जनपद के उत्पाद को वैश्विक स्तर पर मान्यता दिलाने का कार्य किया जा रहा है। शुद्व पेयजल और हर गरीब को आयुष्मान कार्ड के द्वारा मुफ्त इलाज किया जा रहा है। अनाथ बच्चों को बाल सेवा योजना के तहत जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उनके आश्रय, शिक्षा की व्यवस्था की जा रही है और श्रमिकों के बच्चों के लिए विद्यालय स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज जनपद का अपना मेडिकल कॉलेज है। विकसित भारत की संकल्पना तभी साकार होगी जब जनपद स्तर पर इसका विकास होगा। जनपद के लिए कार्ययोजना तैयार हो रही है। जनपद की छोटी ईकाई ग्राम पंचायत और नगर पंचायत है। इनको भी विकास के दौड़ के लिए तैयार होना है। उन्होंने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा के अनावरण पर सभी को बधाई दिया। महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्वाभिमान का प्रतीक है जो हमें संघर्ष करने और आगे बढने की प्रेरणा देती है। उन्होंने अपने स्वाभीमान को कभी गिरवी नही रखा और विदेशी आक्रांताओ से लड़ते रहे। शौर्य पराक्रम की बात जहां आती है महाराणा प्रताप की स्मृति पहले ही आती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद की धरती परिश्रमी लोगों की धरती है जिन्होंने इस जनपद को नयी पहचान दिलायी इत्र से भी और इमरती से भी। जौनपुर के लागों को आदि गंगा गोमती का आशीर्वाद मिला हैं यहां के लोगो को जहां भी मौका मिला है। उन्होंने अपने आपको साबित किया है।
राज्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि आज जनपद के लिए गौरव का विषय है कि वीर और पराक्रमी महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण मुख्यमंत्री के हाथों हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार सभी महापुरुषों का सम्मान कर रही है। मुख्यमंत्री ने 899 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास किया जिसकी वजह से जनपद के विकास में और तेजी आएगी। आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के द्वारा गरीब बेटियों के हाथ पीले करने का कार्य किया जा रहा है। गरीब असहयों को त्वरित न्याय मिल रहा है।
इस अवसर पर सांसद राज्यसभा सीमा द्विवेदी, विधायक बदलापुर रमेश चन्द्र मिश्र, शाहगंज रमेश सिंह, मड़ियाहूं डा. आर.के पटेल, पिण्डरा अवधेश सिंह, सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधायक डॉ हरेन्द्र सिंह, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र मॉदड़, पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी साई तेजा सीलम, अपर जिलाधिकारी द्वय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और अधिकारीगण सहित आमजनमानस उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular