Sunday, April 28, 2024
No menu items!

बारात के लिये निकले किशोर का शव चौथे दिन नाले में मिला

  • परिजनों के तहरीर पर 3 के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मानीकला गांव से तीन दिन से लापता किशोर का चौथे दिन शुक्रवार को पुलिस ने फ़रीदपुर गांव के अश्मशान घाट से शव बरामद किया है। परिजनों ने गांव के ही मृतक के दोस्तों की भूमिका संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप मढ़ा था। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर लाश की बरामदगी के बाद तीन के खिलाफ़ हत्या का मुकदमा क़ायम कर लिया है। लाश को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी सूरज 14 वर्ष पुत्र ओम प्रकाश उर्फ़ भोनू बीते मंगलवार को अपने परिजनों से दोस्तों के साथ बारात जाने के लिए घर से निकला। दूसरे दिन घर नहीं आया तो परिजन परेशान हो उठे। मृतक के दोस्तों से भी जानकारी की लेकिन उसका कही पता नहीं चला। मामला पुलिस तक पहुँचा। स्थानीय पुलिस ने जाँच का दायरा बढाया तो मृतक के ही दोस्तों के निशानदेही पर शुक्रवार को फ़रीदपुर श्मशान घाट के नाले से मृतक का शव बरामद कर लिया। शव को जलकुंभी से ढका गया था। मृतक की लाश कीचड़ से सने होने के चलते उसके शरीर पर चोट के किसी तरह के निशान स्पष्ट नही हो रहा था। लाश मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों ने हत्या का आरोप मढ़ा है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन के खिलाफ़ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस बाबत पूछे जाने पर एसएचओ दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर शव को बरामद किया है। मेडिकल रिपोर्ट के आने के बाद मामले से पर्दा उठेगा। फिलहाल स्वजनों के तहरीर पर हत्या का अभियोग दर्ज किया गया है।

  • 4 भाई—बहनों में सबसे बड़ा था सूरज

फ़रीदपुर के श्मशान घाट स्तिथ नाले पर बड़े बेटे सूरज का शव देखकर माँ गुड़डी देवी गश खाकर गिर जा रही थी, यकीन नही हो रहा था कि यह शव उनके जिगर के टुकड़े का है। पिता रोज़ी रोटी के सिलसिले में मुंबई है। 14 वर्षीय सूरज 4 भाई बहनों में सबसे बड़ा था। दो छोटी बहन नंदिनी, सीता के बाद भाई आर्यन को छोड़कर दुनिया को अलविदा कह दिया। अभी वह 5वीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने हत्या के आशंका पर तफ़्तीश को आगे बढ़ाया तो सूरज का शव बरामद किया। स्वजनों को यह नही पता था कि बारात के लिए निकला उनका बेटा अब वापस नही आएगा। परिजनों का रो—रो कर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular