Monday, April 29, 2024
No menu items!

राज्यपाल ने नैक मूल्यांकन में ‘ए प्लस ग्रेड‘ प्राप्त पूविवि जौनपुर को किया सम्मानित

जौनपुर। प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को राजभवन लखनऊ में नैक मूल्यांकन में ‘ए प्लस‘ ग्रेड प्राप्त वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर को उनकी इस उपलब्धि के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राज्यपाल जी ने टीम के सभी सदस्यों के साथ बैठक कर क्राइटेरिया वाइज नैक तैयारियों के अनुभव, तैयारियों के दौरान कार्य को पूरा करने में आई चुनौतियों, कार्य आधिक्य के कारण हुई पारिवारिक दिक्कतों के बारे में जाना। उन्होंने प्रत्येक क्राइटेरिया में टीम के सदस्यों से सर्वोच्च ग्रेड ‘ए प्लस प्लस‘ हेतु निर्धारित अंक में कम हुए अंकों के कारणों पर भी समीक्षा की।

चर्चा के दौरान राज्यपाल ने टीम के सदस्यों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुये कहा कि विश्वविद्यालय ने मूल्यांकनों के लिये दो बार पियर टीम के भ्रमण का अनुभव अर्जित किया है, इसलिए टीम के सभी सदस्य अपने नैक तैयारी के अनुभवों पर एक पुस्तक अवश्य बनाएं। इसी क्रम में राज्यपाल ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को पश्चिमी देशों की शिक्षा व्यवस्था से बेहतर बताया। इसी क्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो0 वंदना सिंह ने राज्यपाल को जानकारी दी कि नैक की उच्च ग्रेडिंग के बाद विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए बड़ी-बड़ी कम्पनियों द्वारा प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। राज्यपाल ने निर्देश दिया कि यथाशीघ्र आयोजन कर प्लेसमेंट हेतु कंपनियों को आमंत्रित कर कार्यक्रम किया जाय।

आंतरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. मानस पांडेय ने बताया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) द्वारा किए गए निरीक्षण एवं मूल्यांकन में 19 दिसम्बर 2023 में घोषित परिणाम में उत्कृष्ट 3.28 सीजीपीए के साथ ‘ए प्लस‘ ग्रेड प्राप्त हुआ। इसी परिप्रेक्ष्य में राज्यपाल ने टीम के सदस्यों को उनकी मेहनत के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र तथा सम्मान भोज भी दिया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा प्रो पंकज एल जानी, वित्त अधिकारी संजय राय, कुलसचिव महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक अजीत सिंह, विश्वविद्यालय नैक टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular