Sunday, April 28, 2024
No menu items!

योग संस्थान योग धर्मापुर में व्याख्यानमाला का हुआ आयोजन

राजेश पाल/राजन मिश्रा
धर्मापुर, जौनपुर। योग प्रमाणन बोर्ड और आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त योग संस्थान योग धर्मापुर में योग व्याख्यानमाला का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय योग केंद्र के पूर्व डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ कृष्ण मुरारी त्रिपाठी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की अधिष्ठात्री माता सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन से हुआ।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने स्वास्थ्य, सदवृत्त और योगिक सिद्धांतों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि योग भौतिक के साथ स्वयं के भीतर आध्यात्मिक मिलन ही नहीं, बल्कि योग एक अनंत यात्रा है, साधना की यात्रा है जिसमें विनम्रता होगी और क्षुद्रता का आभास होगा, वही इस अनंत यात्रा का सच्चा पथिक होगा। कार्यक्रम में धर्मापुर योग संस्थान के डायरेक्टर डॉ अशोक त्रिपाठी ने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य से युक्त देश के प्रति समर्पण की भावना के साथ स्वयं के और देश के विकास के लिए सहभागी बनने का आह्वान किया। संस्थान के छात्राओं ने मुख्य अतिथि के स्वागत में गीत प्रस्तुत किया और विनय तिवारी ने माल्यार्पण कर सबका स्वागत किया। प्रशिक्षक इंद्रभान मौर्य ने अनुशासन के साथ योग सीखने पर बल दिया।
डॉ एके त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम् प्रदान कर स्वागत किया। संस्था के संस्थापक डॉ मुकुल त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और सबके प्रति आभार व्यक्त किया तथा छात्र-छात्राओं से योग के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपना भविष्य संवारने तथा रोजगार प्राप्त करने हेतु आह्वान किया। डॉ त्रिपाठी ने बताया कि आज विश्व योग की शिक्षा के लिए भारत की ओर निहार रहा है। विश्व स्तर पर आज भारत के योग शिक्षकों की अत्यधिक मांग है। यही देखकर हमारे देश के दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आयुष मंत्रालय का गठन हुआ जिससे आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्धा और होम्योपैथी का विकास हो रहा है। योग सर्टिफिकेशन बोर्ड नई दिल्ली इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार भी शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में योग शिक्षा अनिवार्य करने जा रही है, तब अत्यधिक संख्या में योग शिक्षकों की आवश्यकता पड़ेगी। इसे ही ध्यान रखकर योग संस्थान का शुभारंभ किया गया है, ताकि युवा पीढ़ी के स्वास्थ्य के साथ बेरोजगारी को दूर करने में भी सहायक बन सके। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण ले रहे सभी योग वीरों ने योग के माध्यम से अपने और देश के विकास में सहायक होने के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular