Sunday, April 28, 2024
No menu items!

ढोल मजीरे की थाप के साथ निकल रहे रामभक्त

चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। अयोध्या में आगामी 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का असर शाहगंज में भी दिख रहा है। सुबह सवेरे कस्बे की गलियां और सड़कें ढोलक मजीरा लेकर निकले रामभक्तों के भजनों की धुन से राममय हो गई है। ये रामभक्त इस अनूठे तरीके से आम लोगों को प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन सभी घरों और मंदिरों में दीवाली मनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

22 जनवरी को नगर के 68 मंदिरों में भजन कीर्तन किया जाएगा और नगर पूरी तरह राममय होगा। घर—घर जाकर पूजित अक्षत बांटने के बाद अब 22 जनवरी को नगर में दीवाली मनाने के लिए जन जागरण किया जा रहा है। अलग अलग टोलियों में रामभक्त कस्बे की तमाम गलियों और मोहल्लों में पहुंच रहे हैं। इन टोलियों में लोग ढोलक और मजीरे की थाप पर ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ की रामधुन गाकर लोगों को जागृत कर रहे हैं। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा अभियान के नगर संयोजक रूपेश जायसवाल ने बताया कि नगर को कुल 6 बस्तियों में बांटा गया है।

केशव बस्ती, साकेत बस्ती, बजरंग बस्ती, श्रीराम बस्ती, शिवाजी बस्ती और गायत्री बस्ती में 16 जनवरी से ही तमाम टोलियां निकल रही हैं। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी के दिन पूरे नगर को दीयों से सजाया जाएगा। ऐसे 68 मंदिर चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 22 जनवरी को भजन कीर्तन का कार्यक्रम होगा। 21 जनवरी को जन जागरण यात्रा भी निकाली जाएगी। जो संगत जी मंदिर से निकल कर नगर भ्रमण करते हुए घासमंडी चौक स्थित श्रीराम जानकी मंदिर बौलिया में आकर सम्पन्न होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular