Monday, April 29, 2024
No menu items!

किसानों की आय बढ़ाने व खेती की लागत कम करने के दिये गये टिप्स

  • राहुल महाविद्यालय में किसान संगोष्ठी का हुआ आयोजन

सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपुर। किसानों की आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने को लेकर शनिवार को क्षेत्र के राहुल महाविद्यालय कलवारी में किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें देश के विभिन्न कृषि अनुसंधान केंद्रों से आये ख्यातिलब्ध कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की आय बढ़ाने के टिप्स दिए। फ्यूचर केम एग्रो प्राइवेट लिमिटेड व डॉ. लालजी सिंह मेमोरियल वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में पूर्व कुलपति व महान कृषि वैज्ञानिक प्रो. कीर्ति सिंह की स्मृति में आयोजित किसान गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद लखनऊ के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने प्रो. कीर्ति सिंह के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। अपने सम्बोधन में किसान से अपनी आय में वृद्धि करने के लिए समय समय पर फसलों के साथ साथ तकनीकों को बदलने और वैज्ञानिक विधियों को अंगीकार करने की सलाह दी।

नई दिल्ली पूसा के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अवनी सिंह ने पाली हाउस कृषि के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए किसानों को परम्परागत खेती के बजाय व्यावसायिक कृषि कर आय बढ़ाने की सलाह दिये। पूसा के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राजीव सिंह ने टनल विधि से सब्जियों की खेती कर आय बढ़ाने के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी। बीएचयू एग्रोनामी के विभागाध्यक्ष डॉ. यूपी सिंह, कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण उपाध्याय, बक्शा और केराकत के कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डा. सुरेश कनौजिया और डॉ. आरके सिंह ने किसानों को उन्नत खेती व कृषि प्रबंधन के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम आयोजक फ्यूचर एग्रो केम के डायरेक्टर डॉ. फतेह बहादुर सिंह व महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. आशीष सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किये। इस मौके पर पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही किसानों को उन्नत किस्म के बीजों व उर्वरक का किट भी प्रदान किया गया। संचालन महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. संतोष यादव व आभार प्राचार्य डॉ. अजय श्रीवास्तव ने व्यक्त किया। इस मौके अरुण सिंह, धर्मेंद्र यादव, सुशील सिंह, अरुण कुमार, राजेश यादव आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular