Monday, April 29, 2024
No menu items!

श्रद्धालुओं ने गोमती में लगायी डुबकी, किया अखड़ो देवी का पूजन

जफराबाद, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के जमैथा गांव में अखड़ो देवी का मेला धार्मिक श्रद्धा भाव के साथ शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मेले में आए श्रद्धालुओं ने आदि गंगा गोमती की निर्मल धारा में डुबकी लगाई जिसके बाद अखड़ो देवी के धाम में नारियल, चुनरी, माला-फूल, धूप, अगरबत्ती आदि चढ़ाकर माता के चौखट पर मत्था टेकते हुये परिवार के सुख-समृद्धि के लिए मन्नतें मांगी। मेले में आई महिला भक्तों ने कढ़ाई कर माता को हलवा पूड़ी का भोग भी लगाया।

भक्तों ने अखड़ो माता का दर्शन पूजन करने के बाद मेले में खूब खरीददारी भी की। मंदिर के निकट स्थित परमहंस बाबा के समाधि स्थल पर भी मेले में आये लोगों ने मत्था टेका। उक्त मेला सुबह से प्रारंभ होकर देर शाम तक चलता रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जफराबाद पुलिस दल बल के साथ मेला समाप्ति तक मुस्तैद रही।

बताया जाता है कि अखड़ो देवी का यह मेला प्रतिवर्ष दीपावली पर्व के दूसरे दिन पड़ने वाले यम द्वितीया भैया दूज पर्व पर आयोजित होता है जिसमें दूर-दूर से लोग आकर शामिल होते हैं। माता का दर्शन पूजन कर अपने जीवन को धन्य बनाते हैं। पौराणिक कथा के अनुसार परशुराम के पिता महर्षि यमदगि्न ऋषि का आश्रम जमैथा गांव के इसी स्थान पर था। यहीं पर परशुराम ने पिता का आज्ञा का पालन करने में मां रेणुका का सर धड़ से अलग कर दिया था।

माता रेणुका को यहां पर अखड़ो देवी के नाम से पूजा जाता है। गांव कि धरती को पावन माना जाता है। कहा जाता है कि यहां पर भगवान राम भी दो बार अपने चरण रख चुके हैं। मेला आयोजकों में महंत राजन दास ग्राम प्रधान अमरसेन यादव, गब्बर यादव, नवनीत पाल, अमित यादव, मुलायम सिंह यादव, राजू आदि प्रमुख रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular