Monday, April 29, 2024
No menu items!

अयोध्या में बरसात के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

  • जनप्रतिनिधियों ने की शोभायात्रा की अगुवाई, जगह-जगह हुआ स्वागत

राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। रामनगरी में बरसात के बीच दशमी पर बुधवार को शहर और सटे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का गगनभेदी जयकारों के बीच नम आखों से विसर्जन किया गया। शहर में सुबह 11 बजे राजकीय इंटर कालेज से निकली दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत एवं पुष्प वर्ष की गई। मूसलाधार बरसात के बाद भी भक्त माता का जयकारा लगाते हुए विसर्जन शोभायात्रा में शामिल रहे। सरयू नदी के निर्मली कुंड व गुप्तारघाट पर रात्रि लगभग ढाई बजे तक प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता रहा। प्रशासनिक अधिकारी हर गतिविधि पर नजर रखे रहे।

विसर्जन स्थल को जोन व सेक्टर में बांटा गया था। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पीएसी व सिविल फोर्स की तैनाती की गई थी। नदी में जल पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम लगाई गई थी। जीआइसी से निकली शोभायात्रा की अगुवाई सांसद लल्लू सिंह, महापौर रिषिकेश उपाध्याय, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, बीकापुर विधायक डा. अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह, केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, संरक्षक विजय गुप्त, सह संयोजक गगन जायसवाल, जेएन चतुर्वेदी, केशव बिगुलर, सुप्रीत कपूर आदि कर रहे थे। शोभायात्रा में हजारों देवी भक्त शामिल हुए।

चौक में महापौर रिषिकेश उपाध्याय, मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, डीआईजी अमरेंद्र प्रताप सिंह, जिला अधिकारी नितीश कुमार, एडीएम सिटी सलिल पटेल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, एसपी सिटी मधुवन सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अरविंद द्विवेदी, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह, सीएफओ आरके राय आदि ने देवी प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा की। निर्मली कुंड पर श्रीश्री जय मां संतोषी दुर्गापूजा समिति खीर गली फतेहगंज की पहली प्रतिमा का विसर्जन सायं 5:30 बजे किया गया जिसके बाद शुरू हुआ प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला रात्रि भर चलता रहा।

जीआईसी से निकली शोभायात्रा फतेहगंज, चौक रिकाबगंज, सिविल लाइन, रोडवेज होते हुए हनुमानगढ़ी सआदतगंज होते हुए भगवान जायसवाल घाट निर्मली कुंड पहुंची जहां, केंद्रीय समिति के समन्वय से चार सौ देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शोभायात्रा में समाजसेवी ओम प्रकाश सर्राफ, शक्ति सिंह, अवधेश पांडेय बादल, संजीव सिंह, अभिषेक मिश्र, गिरीश पांडेय, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्र, बाबू राम गौड़, पंकज पांडेय, दान बहादुर सिंह, अमृत राजपाल, अशोक तिवारी, विकास सिंह, अमल गुप्त, हरीश श्रीवास्तव, जयशंकर श्रीवास्तव, अभय सिंह, पुजारी चंचल दास, शैलेंद्र यादव, राजेंद्र कुमार गुप्त, सूर्यकांत पांडेय, अवि आनंद मन्नू सहित अन्य लोग शामिल रहे।

शोभायात्रा में झांकियों को किया गया शामिल
विसर्जन शोभायात्रा के मनमोहक झांकियां को भी शामिल किया गया। जिसमें प्रभुराम, भगवान कृष्ण, अग्रसेन महराज, गुरुनानकदेव, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, झूले लाल के साथ केंद्रीय समिति के संस्थापक भगवान जायसवाल के चित्रों को शामिल किया गया। इसके साथ महिला शक्ति वाहिनी प्रमुख अशोका द्विवेदी, नामित पार्षद रीना द्विवेदी, शकुंतला गौतम, काजल पाठक के नेतृत्व में महिला शक्ति वाहिनी की टुकड़ी प्रमुख रविकांत आर्य के नेतृत्व में चल रही थी।

मुस्लिमों ने किया स्वागत
कसाबबाड़ा चौराहे पर मुस्लिम पार्षद फरीद कुरैशी ने माजिद खान बाबा, मुन्ना खान, सारिक कुरैशी, तालिब खान, नूर आलम, मोहम्मद आदिल, अरशद, जावेद, जीशान, मकसूद आलम, सलमान, नफीस अहमद ने साथियों के साथ विसर्जन शोभायात्रा में शामिल लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में विसर्जित हुईं प्रतिमाएं, निकली शोभायात्रा
जनपद के रुदौली, मसौधा, सोहावल, गोसाईंगंज, मयाबाजार, मिल्कीपुर आदि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का सरयू नदी और गोमती नदी के घाटों पर विसर्जन किया गया। मसौधा में कुल 293 दुर्गा प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया। पूराकलंदर थाना के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि भरतकुंड़ के साथ क्षेत्र के अन्य तीन स्थानों पर मिलाकर 250 प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन की निगरानी सीओ अयोध्या डा. राजेश तिवारी करते रहे। गयासपुर चौकी प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि गौराघाट पर 22 और रामनगर घाट पर 21 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। रुदौली में सरयू नदी के कैथी घाट से लेकर गोमती के कामाख्या व रेछ घाट तक विसर्जन यात्रा का उल्लास नजर आया।

बरसात के बीच मां के जयकारे लगाते भक्त प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात तक करते रहे। हालांकि ट्रैक्टर ट्राली पर रोक का असर विसर्जन यात्रा के उल्लास में कमी जरूर ला रहा था। मूर्ति विसर्जन के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए थे। बैरीकेटिंग, सीसी कैमरा, प्रकाश व्यवस्था के साथ ड्रोन कैमरे से सभी घाटों की निगरानी भी जा रही थी। रुदौली, पटरंगा, बाबा बाजार व मवई थाना क्षेत्रों में कुल 257 मूर्तियों का विसर्जन हुआ। बाबा बाजार थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मां कामाख्या धाम पर कुल 69, रेछ घाट पर 112 दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जित की गईं, जिसमें क्षेत्र की कुल 70, अमेठी जिले की कुल 41 व बाराबंकी जिले की एक दुर्गा प्रतिमा शामिल रही। पुलिस और प्रशासन की टीम डटी रही। मजिस्ट्रेट के रूप में कामाख्या घाट पर तहसीलदार प्रज्ञा सिंह को तैनात किया गया था लेकिन वह विसर्जन से पहले ही ड्यूटी स्थल से चली गईं। बुधवार सुबह विधायक रामचंद्र यादव ने घाटों का निरीक्षण किया।

विधायक ने कैथी घाट, कामाख्या घाट व रेछ घाट पर भक्तों के लिए भंडारा आयोजित करवाया। उन्होंने विसर्जन यात्रा की अगुवाई करने के साथ पुष्पवर्षा भी की। भक्त अबीर-गुलाल उड़ा आनंद से सराबोर रहे। प्रधान राजेश यादव, तेज तिवारी, प्रवेश पांडेय, कोतवाल शशिकांत यादव, निर्मल शर्मा, कृष्ण सागर पाल, सतन तिवारी, विकास मिश्रा, संतोष यादव, शीतला प्रसाद शुक्ला, अजय शुक्ला,सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कामाख्या घाट पर ड्यूटी पर लगाए गए कुमारगंज थाने के उपनिरीक्षक सुरेंद्र विक्रम सिंह, सिपाही दीपक यादव, राजबहादुर नहीं पहुंचे। बाबाबाजार थानी प्रभारी मनोज यादव ने तीनों के खिलाफ गैर हाजिर का रिपोर्ट थाने के डायरी में दर्ज कराई।

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई है। मिल्कीपुर में पुलिस सुरक्षा के बीच तरौली बाजार, कुचेरा बाजार, चमनगंज, बारुन, इनायतनगर, मिल्कीपुर, शाहगंज, हैरिंग्टनगंज, पारा ब्रह्मनान की दुर्गा प्रतिमाओं का अयोध्या और सुल्तानपुर जिले के आमघाट में विसर्जन किया गया। क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान घटना नहीं घटी। सोहावल में मूसलाधार बरसात के बीच सरयू नदी के ढेमवा तथा सिहोर घाट पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

रात्रि दो बजे तक प्रतिमाओं का विसर्जन चलता रहा। उपजिलाधिकारी मनोज श्रीवास्तव, रौनाही थाना प्रभारी अक्षय कुमार ने पुलिस बल के साथ ढेमवा घाट पर मौजूद रहे। घाटों पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बीकापुर विधायक डा. अमित सिंह चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण पांडेय, भाजपा नेता सरोज जायसवाल, अजय रावत, कप्तान तिवारी, राजेन्द्र गोस्वामी मौजूद रहे। महराजगंज के आंशिक व गोसाईंगंज के दिलासीगंज गंज घाट पर 60 ,श्रृंगीऋषि घाट पर 19, तमसा नदी के दूधनाथ बाबा स्थान पर 13 व गंगापुर घाट पर दो प्रतिमाओं के साथ कुल 94 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान महराजगंज थानाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, गोसाईंगंज के प्रभारी निरीक्षक केके मिश्र पुलिस टीम के साथ डटे रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular