Sunday, April 28, 2024
No menu items!

आईपीएल में सट्टा हारा तो बन गया लुटेरा

कर्ज चुकाने को महिला से की थी 50 हजार की लूट
60 सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने पकड़ा
अजय जायसवाल
गोरखपुर। पुलिस एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए 50 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। बदमाश ने बीते 16 मई को रामगढ़ताल इलाके की महिला से लूट की थी। हालांकि आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे दबोच लिया।

पकड़े गए बदमाश की पहचान रामगढ़ताल इलाके के न्यू शिवपुर कॉलोनी, फलमंडी निवासी 20 वर्षीय आदित्य गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता के रूप में हुई। पूछताछ में बदमाश ने जो बताया, उसे सुन पुलिस भी चौंक गई। उसने पुलिस को बताया कि वह IPL में सट्टा हार गया था।

इसकी वजह से वह कर्ज में आ गया। ऐसे में उसने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी मोबाइल की दुकान पर काम करता है। उसके पिता सब्जी बेचते हैं। इसने पहली बार घटना को अंजाम दिया है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि 16 मई 2023 को पंजाब नेशनल बैंक रामगढ़ताल नहर रोड शाखा से गायघाट की रहने वाली महिला सुशीला देवी प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा निकालने गई थी।

50 हजार निकाल कर जब वो घर वापस जा रही थी, तभी एक बाइक सवार ने जीडीए पंप हाउस के पास लहसडी रोड पर उनके पैसे लूट लिया और फरार हो गया। सुशीला देवी की सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक और आसपास में लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। 7 दिनों में लगभग 60 सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद उस क्षेत्र में आरोपी की फोटो दिखा कर पता लगाया गया। जिसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आईपीएल में सट्टा लगाया था। इसमें वो काफी पैसे हार गया था। इसकी भरपाई के लिए उसने महिला से लूट की। लूट वाली घटना के दिन आरोपी आदित्य बैंक के अंदर और बाहर काली चेकदार शर्ट पहने बैठा था। इस दौरान उसकी नजर अचानक दुबली पतली बुजुर्ग महिला पर पड़ी। जो बैंक से पैसे गिनते हुए निकल रही थी।

महिला अपने घर जाने के लिए ऑटो में बैठी तो आरोपी ने बाइक से पीछा किया। जब महिला ऑटो से उतर कर लहसडी रोड पोखरे के पास पहुंची तो सुनसान इलाका देख कर लूट को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि लूट की पूरी रकम पुलिस ने बरामद कर ली है। साथ ही लूट में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर लिया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular