Sunday, April 28, 2024
No menu items!

जनपद में 52 लाख 13 हजार 6 सौ 80 पौधे लगाये जाने का लक्ष्य

अभियान को उत्सव के रूप में मनाया जाय: जिलाधिकारी
जौनपुर। प्रदेश में इस बार पौधरोपड़ अभियान के तहत कुल 35 करोड़ पौधे लगाये जायेंगे। 22 जुलाई को 30 करोड़ एवं 15 अगस्त को 05 करोड़ पौधे लगाये जाने हैं। शासन द्वारा पौधरोपड़ अभियान को उत्सव को रूप में मनायें जाने के निर्देश दिये गये हैं।
जनपद को 52 लाख 13 हजार 6 सौ 80 पौधे लगाये जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है जिसके सन्दर्भ में श्री झा द्वारा लगातार अधीनस्थों के साथ बैठक कर निर्देश देने के साथ-साथ की गयी तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने विभागों को निर्देश दिया है कि पौधरोपड़ के सम्बन्ध में आवश्यक तैयारियों पूर्ण कर ले, इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। उन्होंने बताया है कि इस बार सभी सरकारी कर्मचारी भी 01-01 पौधे लगायेंगे जिसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को तैयारी करने के निर्देश दिये गये हैं।
जिलाधिकारी ने डीएफओ को निर्देश दिया है कि पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग की जाये। इस कार्यक्रम की निगरानी हेतु शासन द्वारा नोडल अधिकारी भी नियुक्त किये गये हैं। पौधरोपण के दिन जनपद के समस्त सरकारी/गैर सरकारी संस्थाएं, एन0एस0एस व एन0सी0सी0 कैडेटो व विभिन्न एन0जी0ओ0, नागरिक संगठनों, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, व्यापार मण्डल, एफपीओ, सिविल सोसाइटी द्वारा प्रतिभाग किये जाने का आवाह्न किया हैं। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से भी अपील की है कि कम से कम 01 पौधा अवश्य लगाये और उसे सुरक्षित रखे।
उन्होंने कहा कि स्कूल कालेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थाओं को भी कार्यक्रम से जोड़कर बच्चों और उनके अभिभावकों को जागरूक किया जाय। जनपद को सेक्टर व जोन में विभाजित कर सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की व्यवस्था की गई है। जौनपुर में आवंटित वृहद् पौधरोपण कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफलता हेतु सामाजिक वानिकी प्रभाग के कार्यालय वन विहार में कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की समस्या के निराकरण हेतु कन्ट्रोल रूम में निम्न मोबाईल नम्बरों पर सम्पर्क कर सकते हैं तथा पौधरोपण तिथि को पौधरोपण कार्यक्रम में लगे समस्त विभाग के अधिकारी/कर्मचारी नामित जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट समय-समय पर सूचना उपलब्ध करायेंगे।
डीएफओ ने बताया कि जनपद के विभिन्न विभागों को वृक्षारोपड़ के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें वन विभाग को 1471100, ग्राम्य विकास विभाग को 2197000, राजस्व विभाग को 184000, पर्यावरण विभाग को 234000, जलशक्ति विभाग को 10000, पंचायती राज विभाग को 222000, आवास विकास विभाग को 5000, औद्योगिक विकास को 5000, नगर विकास को 24000, लोक निर्माण को 10000, रेशम विभाग को 21000, कृषि विभाग को 440000, पशुपालन विभाग को 7000, सहकारिता विभाग को 9800, उद्योग विभाग को 9000, विधुत/ऊर्जा विभाग को 3780, माध्यमिक शिक्षा को 13000, बेसिक शिक्षा को 22000, प्राविधिक शिक्षा को 5000, उच्च शिक्षा को 19000, श्रम विभाग को 2400, स्वास्थ विभाग को 7000, परिवहन विभाग को 2300, रेलवे विभाग को 9000, रक्षा विभाग 4000, उद्यान विभाग को 271000, पुलिस/गृह विभाग 6300 कुल 5213680 पौधरोपड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular