Monday, April 29, 2024
No menu items!

व्यापारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा पत्रक

29 जून को राष्ट्रीय व्यापारी दिवस घोषित किया जाय: विवेक सिंह
उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों व व्यापारियों को भामा शाह सम्मान दिया जाय
जौनपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल जौनपुर द्वारा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह की अगुवाई में मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आपके द्वारा प्रदेश की प्रगति, विकास के लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के आधार पर देश का 15 से 20 करोड़ तथा आपके प्रदेश का करोड़ों व्यापारी, उद्यमी, छोटा—बड़ा कारोबारी, लघु—मध्यम दुकानदार, रेहड़ी—पटरी वालों सहित सभी देश एवं प्रदेशों की अर्थ व्यवस्था को गति देने एवं औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास के लिए कटिबद्ध होकर आपके आत्मनिर्भर भारत अभियान एवं स्वरोजगार योजना की धारणा के साथ है तथा भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले पूर्ण रूप से आपकी नीतियों का समर्थन कर रहा है तथा दानवीर सेठ भामा शाह के आदर्शों पर चलकर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।
इस विशाल/व्यापक वर्ग को और अधिक प्रोत्साहित किए जाने हेतु दानवीर एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित जीवन का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले सेठ भामा शाह के जीवन चरित्र को देश, राष्ट्र, जनता के समक्ष और व्यापक रूप एवं बेहतर तरीके से रखे जाने की आवश्यकता है। श्री सिंह ने कहा कि 29 जून को सेठ भामा शाह जयंती है जिसको हम सभी व्यापारी संगठन राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के रूप में मनाते चले आ रहे हैं। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जो देश के करोड़ों उद्यमी, व्यापारियों का विशाल संगठन है तथा जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकान्त गर्ग हैं, उनकी अध्यक्षता में हुई देशव्यापी बैठक में हम सभी ने मिलकर प्रस्ताव पारित किया है कि भामा शाह की जयंती 29 जून को जो हम सभी व्यापारी बंधु व्यापारी दिवस के रूप में आयोजित करते आ रहे हैं।
इस दिवस को सरकारी तौर पर जैसे किसान दिवस, बाल दिवस, शिक्षक दिवस, मजदूर दिवस आदि अनेक वर्गों के सम्मान और योगदान को चिरस्थाई बनाये रखने के लिये आयोजित किये जाते हैं, उसी भांति 29 जून को केंद्र एवं प्रदेश सरकारों द्वारा राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के रूप में घोषित किया जाय। 29 जून को व्यापारी दिवस पर देश की राजधानी तथा सभी प्रदेशों की राजधानियों तथा प्रत्येक प्रदेश के सभी जनपदों में शासन/प्रशासन स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करके सर्वाधिक राजस्व अदा करने वाले करदाताओं सहित अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों, उद्यमियों, व्यापारियों को भामा शाह सम्मान से सम्मानित किया जाय। आग्रह है कि प्रदेश की राजधानी एवं सभी जनपदों में भामा शाह के नाम से पार्क, रोड आदि का नामकरण तथा प्रतिमा स्थापित किए जाने हेतु योजना एवं निर्देश दें।
हमें पूर्ण विश्वास है कि इसके माध्यम से करोड़ों उद्यमियों एवं व्यापारियों में उत्साह और सम्मान का सन्देश जायेगा जिसके कारण वह और अधिक उत्साह से प्रदेश की आर्थिक उन्नति, व्यापारिक और औद्योगिक विकास में सहायक बनेंगे। जिलाध्यक्ष के साथ मांग पत्र देने वालों में जिला महामंत्री आशीष चौरसिया, उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, नगर महामंत्री संजय केडिया, जिला संगठन मंत्री अनिल हरलालका, युवा इकाई के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष जयकिशन साहू जैकी, युवा इकाई के नगर अध्यक्ष अमित जायसवाल, नगर महामंत्री योगेश साहू सहित तमाम व्यापारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular