Monday, April 29, 2024
No menu items!

सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनायी गयी वीपी सिंह की जयन्ती

पॉलिटेक्निक चौराहे से हुआ सामाजिक न्याय यात्रा का शुभारम्भ
आनन्द यादव
जौनपुर। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह की जयंती रविवार को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर शहर में सामाजिक न्याय यात्रा निकाली गई जिसमें तमाम लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। पॉलिटेक्निक चौराहे से शुरू हुई सामाजिक न्याय यात्रा ओलन्दगंज, शाही पुल, नवाब युसूफ रोड, पुरानी बाजार होते हुए मल्हनी बाजार में समाप्त हुई। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने वीपी तेरे सपनों को मंजिल तक पहुंचाएंगे, जय वीपी जय मंडल के नारे लगाते चल रहे थे।

यात्रा से पूर्व पॉलिटेक्निक चौराहे के निकट स्थित एक होटल में संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया जहां पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के चित्र पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने पिछड़े और दबे कुचले समाज के उत्थान के लिए मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कर ऐतिहासिक काम किया है। मण्डल आयोग की सिफारिशों के लागू होने के बाद पिछड़े समाज की सामाजिक और आर्थिक दशा बदली है परंतु अफसोस की बात यह कि सामाजिक न्याय का इतना बड़ा नायक जिस सम्मान का हकदार है उसे नहीं मिल सका है। सामाजिक न्याय यात्रा की अगुवाई कर रहे युवा नेता अश्विनी कुमार यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के जन्मदिन पर शुरू हुई यह यात्रा एक जुलाई तक चलेगी।

जिले की विभिन्न तहसीलों और ब्लाकों में भ्रमण कर पूर्व पीएम के संघर्षों से लोगों को रूबरू कराया जायेगा। पूर्व मंत्री श्रीराम यादव ने कहा कि पूर्व पीएम वीपी सिंह सामाजिक न्याय के पक्षधर थे। तमाम विरोधों के बाद भी वह अपने फैसले पर अडिग रहते हुए पिछड़ों को उनका हक दिलाकर ही रहे। उन्होंने कहा कि आज की सरकार तो पिछड़ों की गिनती तक कराने से घबरा रही है। संगोष्ठी को यादव महासभा के जिला अध्यक्ष कमलेश यादव, अनिल दीप चौधरी, किसान नेता राजनाथ यादव, रघुवंश यादव, प्रमोद कुमार पासवान, नरेन्द्र पटेल, संत बहाल प्रजापति, राजबहादुर यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके पर आशीष यादव, पवन कुमार, दिनेश चन्द्र पाल, बबलू विश्वकर्मा, संतोष मौर्य, शिवधारी प्रजापति आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular